कोटा में शनिवार सुबह दो अलग-अलग जगह आग लगने की घटनाएं सामने आईं। पहली घटना शॉपिंग सेंटर स्थित फर्नीचर मार्केट की है, जहां एक फर्नीचर शोरूम में आग लगने से लाखों रुपए का सामान जल गया। दूसरी घटना महावीर नगर प्रथम में जैन मंदिर के पास एक मकान में हुई। दोनों जगह नगर निगम की फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। अग्निशमन मुख्य अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि सुबह दोनों स्थानों पर आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना पर दमकलों को मौके पर भेजा गया। फर्नीचर मार्केट में आग बुझाने के लिए दो दमकल मौके पर पहुंचीं, जबकि तीन और दमकलों को रवाना किया गया। वहीं महावीर नगर प्रथम में मकान नंबर 1192 में लगी आग को भी दमकल टीम ने बुझाया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब एक से डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। शोरूम की दीवार तोड़ी, फिर लगाई आग फर्नीचर शोरूम मालिक हैदर ने आरोप लगाया कि शोरूम के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर आग लगाई गई। आग से फर्नीचर, अलमारियां और अन्य सामान जल गया। उन्होंने करीब 10 से 15 लाख रुपए के नुकसान हुआ है। हैदर ने बताया कि पहले भी शोरूम में कई बार चोरियां हो चुकी हैं। इस बार आग लगाने का आरोप है। मामले में गुमानपुरा थाना पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।