कोटा के नान्ता थाना क्षेत्र में सोमवार रात ज्वेलर्स व्यापारी और उसके बेटे से चाकू की नोक पर लूट की वारदात सामने आई है। नान्ता मेन बाजार स्थित अपनी ज्वेलर्स की दुकान बंद करने के बाद व्यापारी अनिल जौहरी अपने बेटे राहुल जौहरी के साथ बाइक से घर के लिए रवाना हुए थे। दोनों पार्श्वनाथ अपार्टमेंट स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दो बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवा ली। पीड़ित अनिल जौहरी के मुताबिक, दुकान बंद करने के बाद वह दुकान की चाबियां, कैश और सोने-चांदी के कुछ आभूषण एक बैग में रखकर अपने साथ ले जा रहे थे। रास्ते में दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने चाकू दिखाकर धमकाया और उनके पास मौजूद बैग छीन लिया। नांता थाने में मामला दर्ज इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद पीड़ित ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी और नान्ता थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। अनिल जौहरी ने बताया कि वारदात के दौरान बदमाशों ने उन्हें और उनके बेटे को चाकू दिखाकर डराया था। पूरी घटना घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। बैग में 20 हजार कैश व जेवर रखे थे नान्ता थाना अधिकारी महावीर मीणा ने बताया कि बदमाशों द्वारा छीने गए बैग में करीब 15 से 20 हजार रुपए कैश और छोटे-मोटे सोने-चांदी के जेवर थे। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों बदमाशों की पहचान कर ली है। इनमें से एक आरोपी करीब चार-पांच दिन पहले ही जेल से बाहर आया है। पुलिस दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।