कोटा ग्रामीण के कैथून थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुरा स्थित SOD बार एंड रेस्टोरेंट में चाकूबाजी और तोड़फोड़ की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी विकास उर्फ विक्की नरवाल और उसके साथी दीपक उर्फ दीपू कालिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की तलाश में कैथून थाना पुलिस के साथ DST और साइबर टीम जुटी थी। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। टेबल बदलने को लेकर हुआ था विवाद पुलिस एसपी सुजीत शंकर के अनुसार, 16 सितंबर की रात करीब 9 से 9:30 बजे दो युवक जगन्नाथपुरा स्थित SOD बार एंड रेस्टोरेंट में पहुंचे थे। दोनों ने बीयर ऑर्डर की और बैठकर पीने लगे। कुछ देर बाद अन्य ग्राहक आने पर रेस्टोरेंट कर्मचारियों ने दोनों युवकों से टेबल बदलने के लिए कहा। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने रेस्टोरेंट कर्मचारी शिवराज और उसके साथी सुमित मेघवाल पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में दोनों कर्मचारी घायल हो गए। आरोपियों ने रेस्टोरेंट के काउंटर और अन्य सामान में भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। अगले दिन तलवार-डंडे लेकर फिर पहुंचे 17 सितंबर की सुबह आरोपी दोबारा कार से रेस्टोरेंट पहुंचे। उनके हाथों में तलवार और डंडे थे। आरोप है कि आरोपियों ने रेस्टोरेंट में घुसकर फिर तोड़फोड़ की और सामान को नुकसान पहुंचाया। CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसपी सुजीत शंकर के निर्देशन में विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में नजर आए वाहनों की पहचान कर उनके मालिकों और संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी जुटाई गई। इसके बाद CCTV फुटेज और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। नॉर्दर्न बायपास पर कार घेरकर पकड़ा पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी ब्लैक होंडा सिटी कार से नॉर्दर्न बायपास की ओर देखे गए हैं और दोबारा वारदात की कोशिश में हो सकते हैं। सूचना पर कैथून थाना पुलिस, DST और साइबर टीम ने रामखेड़ली क्षेत्र में तलाश शुरू की। इसी दौरान नॉर्दर्न बायपास पुलिया के पास पुलिस को मुखबिर के बताए हुलिए और वाहन से मिलती-जुलती ब्लैक होंडा सिटी कार दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को घेरकर उसमें सवार विकास उर्फ विक्की नरवाल निवासी घोड़े वाले बाबा की बस्ती, जवाहर नगर और दीपक उर्फ दीपू कालिया निवासी सुंदर नगर, रेलवे कॉलोनी को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, कार में मौजूद अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी कोटा शहर और ग्रामीण क्षेत्र के अलग-अलग थानों में दर्ज लूट, वाहन चोरी, मारपीट सहित अन्य आपराधिक मामलों में वांछित या फरार चल रहे हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। --- ये खबर भी पढ़ें… SOD रेस्टोरेंट पर हथियारबंद बदमाशों का हमला,VIDEO:गेट तोड़ा, बीयर की बोतलें फोड़ी, कर्मचारियों से की मारपीट; टेबल बदलने को लेकर विवाद