कोटा नगर निगम के नए बोर्ड की पहली बैठक गुरूवार को सुबह 11 बजे शुरू हुई। बैठक वंदे मातरम के साथ शुरू हुई। इसके बाद सभी पार्षदों ने अपना अपना परिचय दिया। बैठक में परिचय के बाद हर पार्षद के वार्ड को लेकर समस्याएं सुनी गई। बैठक में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी भी पहुंची। विधायक संदीप शर्मा ने पार्षदों को संबोधित करते हुए कहा कि वार्डों में विकास के कामों के लिए किसी तरह की आर्थिक परेशानी नहीं आने दी जाएगी। हर पार्षद की समस्याओं पर ध्यान दिया जाए, बोर्ड मिलकर काम करे। वहीं कल्पना देवी ने कहा कि पार्षद जनता और विधायक के बीच की कड़ी होता है। वार्डों में ज्यादा से ज्यादा काम हो यह पार्षद की जिम्मेदारी है। पार्षद को कोई दिक्कत है तो विधायक के पास आएं, विधायक उसे दूर करवाएंगे लेकिन शहर को इंदौर की तर्ज पर नंबर वन बनाना है। वहीं बैठक दो भाग में की गई। पहले में परिचय हुआ और इसके बाद एक बजे लंच किया गया। दो बजे फिर बैठक हुई। लंच के बाद बैठक में एक दो पार्षद को झपकी भी लग गई। पार्षद बोले- मेरे वार्ड से सैलरी उठा रहा कर्मचारी, डयूटी ऑफिस में कर रहा वार्डों की समस्या बताते हुए वार्ड 23 से बीजेपी पार्षद आरडी वर्मा ने कहा कि ठेकेदार और अधिकारियों का चोली दामन का साथ है। इसे बंद करना होगा। पार्षदों की न अधिकारी सुनते हैं और न ठेकेदार। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार भी हो रहा है। कर्मचारी वार्डों में काम नहीं कर रहे लेकिन डयूटी वार्डों में दिखाते है। उन्होंने नाम लेते हुए बताया कि कर्मचारी ललित मीणा 6 महीने से उनके वार्ड से सैलरी उठा रहा है काम वहां दिखा रहा है लेकिन वह काम निगम के ऑफिस में कर रहा है। ऐसे कर्मचारी और अधिकारियों पर कार्यवाही की जाए। वहीं ज्यादातर पार्षदों ने वार्ड में सफाई कर्मचारी की संख्या बढ़ाने, टीपर की समस्याएं, रोड लाइट नहीं होने, पार्क की हालत खराब होने, टूटी सड़को, सफाई कर्मचारियों के नहीं आने जैसी समस्याएं बताई। पार्षदों से एक परफोर्मा में लिखित में भी समस्याएं ली गई है। परिचय में बताया-मैं पहले बीजेपी में था, मिलकर काम करेंगे बैठक की शुरूआत में हर पार्षद ने अपना परिचय, वार्ड नंबर और वार्ड एरिया की जानकारी दी। इस दौरान वार्ड 51 से कांग्रेस के पार्षद योगेश विजय ने अपना परिचय दिया तो उन्होंने ये भी बताया कि मैं पहले बीजेपी में था। विधायक संदीप शर्मा के साथ काम कर चुका है। मेयर हमारे ही वार्ड में रहती हैं। उन्होंने कहा कि हम मिलकर वार्ड चलाएंगे। वहीं बुजुर्ग पार्षद राममूर्ति वर्मा ने बडे जोश के साथ अपना परिचय दिया। वहीं पार्षद अनीता भील ठीक से परिचय नहीं दे सकी। हुस्न आरा भी सिर्फ नाम और वार्ड बताकर बैठ गईं। इस दौरान पार्षद राकेश पुटरा साफा बांधकर धोती कुर्ते में चश्मा लगाकर पहुंचे। कुर्सी से उठकर विधायकों का स्वागत करने पहुंची मेयर सदन के दौरान जब विधायपाक संदीप शर्मा और कल्पना देवी सदन में पहुंचे तो परिचय पूरा होने तक वे बैठे रहे। इसके बाद उनका संबोधन होना था। परिचय के बाद दोनों का स्वागत करने के लिए मेयर अनुसुईया गोस्वामी, सदन अध्यक्ष की कुर्सी से उठकर नीचे आई और विधायकों का सम्मान किया। इस पर कांग्रेस पार्षद आइना महक ने कहा कि सदन की गरीमो को ये शोभा नहीं देता है। सदन में कुर्सी पर जब तक अध्यक्ष विराजमान है, विधायकों के स्वागत के लिए वह कुर्सी छोड़कर कैसे नीचे जा सकता है। पार्षद पति सदन में पहुंचे, बाहर निकाला वार्ड 71 से पार्षद वंदना के पति अजय, परिचय के दौरान सदन में चले गए। इससे पहले सदन शुरू होने पर ही अंदर घोषणा कर दी गई थी कि सदन में अनिवार्यता के अलावा कोई उपस्थित न रहे। लेकिन बाद में अजय अंदर आ गए तो कर्मचारियों ने उन्हें नियम बताते हुए सदन से बाहर किया। बोर्ड बैठक से पहले कांग्रेसी पार्षदों की बैठक बोर्ड की बैठक से पहले कांग्रेस की तरफ से पार्षदों की बैठक बुलाई गई। कांग्रेस कार्यालय में आयोजित हुई इस बैठक में कांग्रेसी पार्षदों ने बैठक को लेकर अपनी बात रखी। इस दौरान पूर्व डिप्टी मेयर रहे सोनू कुरैशी ने कहा- सभी पार्षदों को अपनी अपनी बात बोर्ड के सामने रखनी है। वह संख्या में ज्यादा है ऐसे में वह हमे दबाने की कोशिश करेंगे लेकिन हमे किसी दबाव में नहीं आना है और अपनी पूरी बात रखनी है। इस दौरान अपनी बात रखते हुए पार्षद आईना महक ने आव्हान करते हुए बहिष्कार करने की मांग रखी। आईना महक ने कहा कि बीजेपी का बोर्ड है, वह मनमर्जी कर रहे है। बिना एंजेंडा जारी किए हुए ही इन्होंने बोर्ड बैठक रख दी। ऐसे में निगम अधिकारियों के सामने इस बात को रखेंगे और बैठक को आगे रखने की बात करेंगे नहीं मानते तो बहिष्कार करें। हालांकि अन्य पार्षदों ने बैठक में अपनी बात रखने तो किसी ने बहिष्कार की बात कही। ज्यादातर पार्षदों ने बोर्ड बैठक में संगठित होकर अपनी बात रखने और समस्याओं को उठाने की बात कही।