कोटा में नगर निगम चुनाव में टिकट पाने की होड़ में दावेदार नए-नए तरीकों से मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को वार्ड नंबर 82 से दावेदारी पेश करने पहुंचीं महिला प्रत्याशी गुलअफशा कुरैशी खुद ढोल बजाते हुए कार्यालय पहुंचीं। कांग्रेस नेता दिनेश जोशी के नेतृत्व में पहुंचे समर्थकों ने अपनी दावेदारी प्रभारी के सामने जताई। वहीं वार्ड 26 से शाहीन परवीन, वार्ड 45 से मोहसिन अली और रामपुरा क्षेत्र से अमिताभ उपाध्याय ने भी प्रभारी के समक्ष अपने दावे पेश किए। दावेदारों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कोटा कांग्रेस प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज ने पार्टी की चुनावी रणनीति और टिकट बांटने के फॉर्मूले को स्पष्ट किया। प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज ने दावा किया कि पार्टी इस बार 'मिशन 75' को लेकर मैदान में उतर रही है। उन्होंने कहा- 75 से अधिक वार्डों में जीत दर्ज कर मजबूत बोर्ड बनाएंगे। वहीं उन्होंने कहा- चुनाव में 50 फीसदी युवाओं और महिलाओं को मौका मिलेगा। पार्टी के खिलाफ बगावत करने वालों को नहीं मिलेगा टिकट भारद्वाज ने कहा- पार्टी के प्रति निष्ठा रखने वालों को ही मौका मिलेगा। उन्होंने कहा- पार्टी के खिलाफ बगावत करने वाले या बयानबाजी से नुकसान पहुंचाने वालों को किसी भी स्थिति में टिकट नहीं दिया जाएगा। अलग-अलग नेताओं के पास आवेदन जमा होने के सवाल पर उन्होंने कहा- आवेदन कहीं भी दिए जा सकते हैं, यह प्रक्रिया है। इसमें कोई गुटबाजी नहीं है। गौरतलब है कि 27 अगस्त से कलेक्ट्रेट परिसर में नगर निगम चुनाव के लिए आधिकारिक नामांकन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।