नगर निगम कोटा के 100 वार्डों में मतदान के लिए जिला निर्वाचन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर के सभी मतदान केंद्रों पर निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए 815 सक्रिय और 150 रिजर्व पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश जोशी ने बताया कि जरूरत पड़ने पर रिजर्व पार्टियों को तुरंत मौके के लिए रवाना किया जाएगा। नगर निगम क्षेत्र में आने वाले 8 लाख 26 हजार 923 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगी। चुनाव ड्यूटी के लिए गाड़ियां लगाई मतदान दल के लगभग 4,000 से ज्यादा कर्मचारियों को उम्मेद सिंह स्टेडियम में अंतिम प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद कर्मचारी जेडीबी कॉलेज से ईवीएम और चुनाव सामग्री प्राप्त कर अपने-अपने केंद्रों के लिए रवाना होंगे। परिवहन विभाग ने चुनावी ड्यूटी के लिए मैजिक, सिटी बसें, बाल वाहिनी और निजी बसों का अधिग्रहण किया है। जेडीबी कॉलेज में रखी जाएंगी ईवीएम इसके चलते नयापुरा बड़ा चौराहा, जेडीबी कॉलेज मार्ग, नयापुरा स्टेडियम रोड और सीवी गार्डन के आसपास बड़ी संख्या में अधिग्रहित वाहन खड़े हैं। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी पोलिंग पार्टियां ईवीएम जमा कराने जेडीबी कॉलेज पहुंचेंगी। स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जहां बहुस्तरीय सुरक्षा बल और सीसीटीवी कैमरों की मदद से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।