कोटा में चाकूबाजी और अवैध हथियारों के खिलाफ शहर पुलिस ने ऑपरेशन हॉक (H.A.W.K) के तहत अवैध हथियारों के साथ 15 बदमाशों को गिरफ्तार किया। करीब 2 घंटे तक चाय की दुकानों और संवेदनशील इलाकों में की चेकिंग की गई। पुलिस ने इस दौरान 8 वाहन भी जब्त किए। 2 अक्टूबर की रात को पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में करीब 2 घंटे तक विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए और उन्हें न्यायालय में पेश किया। कोटा सिटी एडिशनल एसपी सुभाष चंद्र मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने अभियान के दौरान संवेदनशील इलाकों, चाय की दुकानों और ऐसे स्थानों पर विशेष चेकिंग की, जहां संदिग्ध लोगों के मौजूद होने की सूचना थी। इस दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली। चेकिंग में 15 लोगों के पास धारदार हथियार मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। कोटा सिटी एडिशनल एसपी ने बताया कि यह अभियान कोटा रेंज आईजी हरेंद्र महावर की पहल पर एसपी कोटा शहर तेजस्विनी गौतम के नेतृत्व में शुरू किया गया है। अभियान के लिए शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 9 पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इसका उद्देश्य अवैध हथियारों, चाकू और धारदार हथियारों के निर्माण, बिक्री, इस्तेमाल पर रोक लगाने के साथ चाकूबाजी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण करना है। इस दौरान 6 कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस ने कुल 8 वाहन जब्त किए। पुलिस के अनुसार, बदमाशों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।