कोटा ग्रामीण पुलिस ने अवैध विस्फोटक सामग्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 हजार इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर और वायर जब्त किए हैं। पुलिस ने सामान ले जाने में इस्तेमाल सफेद ब्रेजा कार भी जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डेटोनेटर की कीमत गाड़ी सहित करीब 20 लाख रुपए बताई गई है। ड्राइवर ने भागने की कोशिश की ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया- 4 अक्टूबर को सीमलिया थाना पुलिस और डीएसटी की टीम 8 लेन पुलिया के नीचे कराड़िया में नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बारां की ओर से एक सफेद ब्रेजा कार आती दिखाई दी। पुलिस की नाकाबंदी देखकर कार ड्राइवर ने भागने का प्रयास किया। पीछा कर पुलिस ने कार को रुकवाया। कार में सवार दोनों युवक पूछताछ में घबरा गए और संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। कार की तलाशी लेने पर 10 हजार इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर वायर बरामद हुए। दोनों से डेटोनेटर के लाइसेंस और बिल-बिल्टी मांगी गई, लेकिन वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पूछताछ में सामने आया कि डेटोनेटर झांसी से कोटा शहर ले जाए जा रहे थे। पुलिस ने महोबा निवासी बीरबल उर्फ शिवा (27) और हमीरपुर निवासी शेलेन्द्र कुमार (30) को गिरफ्तार किया है। मामले में सीमलिया थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है।