कोटा के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र के काला तलाव स्थित पूनम कॉलोनी चौराहे पर कुछ लोगों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर घायल युवक को उसके दोस्त ने एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। रास्ते में रोककर किया हमला घटना रविवार शाम की है। घायल रेहान खान ने बताया कि वह अपनी बुआ के घर चंद्रसल इलाके में जा रहा था। रास्ते में काला तलाव इलाके से गुजरते समय जुनैद, उसके पिता और कुछ अन्य लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने पहले उसके साथ मारपीट की और बाद में चाकू से हमला कर दिया। हमले में रेहान घायल हो गया। रेहान के अनुसार, आरोपियों से उसकी पहले भी किसी बात को लेकर कहासुनी और विवाद हुआ था, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया था। इसके बावजूद आरोपियों ने पुरानी बात को लेकर उसके साथ मारपीट और चाकूबाजी की। घटना के बाद रेहान को उसका दोस्त एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उसका उपचार चल रहा है। घायल ने मामले की शिकायत रेलवे कॉलोनी थाने में दी है। पुलिस शिकायत के आधार पर घटना की जांच कर रही है।