कोटा में सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना गुरुवार रात साढ़े 9 बजे केआसपास कोटा के सिमलिया थाना क्षेत्र की है। मृतक युवक की पहचान अंता कस्बा के कोटड़ी गांव निवासी विजय नागर के रूप में हुई है। विजय बाइक से कोटा से अंता जा रहा था। रास्ते में कार सवार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक घसीटते हुए 10 से 15 फीट दूर चली गई और बाइक में आग लग गई। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई। फिलहाल हादसे के कारण सामने नहीं आए हैं। सिमलिया थाना SHO नंद सिंह ने बताया कि बाइक सवार युवक कोटा से अंता की तरफ जा रहा था। पोलाई व कराडिया के बीच में 8 लेन से डेढ़ किमी पहले अज्ञात वाहन ने बाइक सवार क़ो टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर गया। बाइक घसीटते हुए दूर चली गई। सम्भवतया रगड़ से चिंगारी उठी और बाइक में आग लग गई। युवक के पास से आधार कार्ड मिला है। जिससे उसकी पहचान हुई। परिजनों क़ो सूचना दी है। शव क़ो मोर्चरी में शिफ्ट करवाया है।