राजस्थान के कोटा में शनिवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। यह दर्दनाक घटना कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास हुई। खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रही एक क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में जान गंवाने वाले सभी 9 लोग एक ही परिवार के थे।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के धुले जिले का रहने वाला एक परिवार तीन अलग-अलग गाड़ियों में सवार होकर खाटूश्यामजी की तीर्थयात्रा से वापस लौट रहा था। शनिवार रात करीब 1 बजे उनकी क्रूजर गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रूजर के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद घायलों व शवों को गाड़ी से बाहर निकाला। सभी को तुरंत न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले जाया गया। कोटा की एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि क्रूजर में 15 लोग सवार थे, जिनमें से 9 की दुर्भाग्यपूर्ण मौत हो गई। हादसे में ट्रक ड्राइवर सहित 7 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है।
मृतकों में बच्चे भी शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों में बुजुर्गों से लेकर मासूम बच्चे भी शामिल हैं। मृतकों की पहचान निम्नलिखित है:
- सज्जन (62)
- उषा बाई (60)
- सुशीला (62)
- कैलाश (35)
- अनीता (34)
- सानवी (3)
- बाबूलाल (75)
- जाह्नवी (7)
- माधवी (32)