कोटा के राजस्थान टेक्निकल यूनिवर्सिटी (RTU) हॉस्टल में जहरीले सांपों का खतरा बना हुआ है। हॉस्टल के बाथरूम में आज करीब 5 फीट लंबा ब्लैक कोबरा नजर आया, जिसे देखकर स्टूडेंट डर गए और गार्ड को सूचना दी। स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने कोबरा का रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा। इससे पहले गुरुवार को भी हॉस्टल में एक स्टूडेंट की मौत हो गई थी। कुछ स्टूडेंट्स ने उसकी मौत सांप के काटने से होने की आशंका जताई है। टूटी खिड़कियां और दीवारों में छेद, हॉस्टल में घुस रहे सांप हॉस्टल में रहने वाले स्टूडेंट्स और सफाई कर्मचारी ने बताया कि यहां पहले भी कई बार जहरीले सांप और अजगर निकल चुके हैं। हॉस्टल के पीछे जंगल है। खिड़कियां और दरवाजे टूटे हुए हैं, जबकि बाथरूम की दीवारों में भी छेद हैं। ऐसे में सांपों के अलावा मॉनिटर लिजार्ड भी हॉस्टल में घुस आते हैं। स्टूडेंट्स का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लगातार सांप निकलने से हमेशा डर बना रहता है।