कोटा के सिमलिया थाना क्षेत्र में फोरलेन पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार 36 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा कालीसिंध नदी की पुलिया के पास पलायथा-सिंता क्षेत्र में हुआ। मृतक की पहचान स्वामी विवेकानंद नगर निवासी तरुणकांत मीणा के रूप में हुई है। वह बारां में लक्ष्य गैस एजेंसी का संचालन करता था। रोजाना कोटा से बारां आता था युवक सिमलिया थाने के एएसआई पुरुषोत्तम मीणा ने बताया कि तरुणकांत रोजाना अपनी कार से कोटा से बारां गैस एजेंसी पर जाता था और रात में वापस लौटता था। सोमवार रात करीब 10 बजे वह बारां से कोटा लौट रहा था। कालीसिंध नदी के ऊपर हाईवे पर उनकी कार को पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। एएसआई के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि तरुणकांत की कार आगे चल रहे ट्रक और पीछे से टक्कर मारने वाले डंपर के बीच बुरी तरह पिचक गई। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल तरुणकांत को अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्च्युरी में रखवाया गया। पुलिस ने डंपर चालक को डिटेन किया मंगलवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने डंपर चालक को डिटेन कर लिया है और हादसे की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार तरुणकांत शादीशुदा था। उसके बच्चे अभी छोटे हैं। उसके पिता रिटायर्ड IRS अधिकारी हैं। तरुणकांत परिवार में इकलौते बेटा था। उनकी एक बहन है।