कोटा के SOD रेस्टोरेंट में टेबल बदलने को लेकर हुआ विवाद हंगामे में बदल गया। आरोप है कि हथियारबंद युवक रेस्टोरेंट पहुंचे और गेट तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद बीयर बार में भी तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। घटना कैथून थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर में गुरुवार को देर रात हुई। पूरी वारदात रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में चार युवक गेट तोड़कर अंदर घुसते हुए दिखाई दे रहे हैं। साथ ही बीयर बार में अन्य सामान और बीयर की बोतलें फोड़ रहे हैं। वीडियो में आरोपियों के हाथों में तलवार, गंडासा, लोहे के पाइप लाठियां नजर आ रही है। पहले देखिए, कुछ PHOTO'S… टेबल बदलने की बात को लेकर हुआ विवाद कैथून थाना अधिकारी मनोज सिंह सिकरवार ने बताया कि गुरुवार रात(16 सितंबर) दो युवक SOD बीयर बार और रेस्टोरेंट में खाना खाने आए थे। कर्मचारियों ने दोनों को दूसरी टेबल पर बैठने के लिए कहा। इसी बात को लेकर युवकों की कर्मचारियों से बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई और चाकूबाजी भी हुई। इसमें कर्मचारी शिवराज सुमन के पैर में चाकू लगा, जिससे वह घायल हो गया। बाद में मामला शांत हो गया। रेस्टोरेंट का गेट तोड़ा, बीयर की बोतलें भी फोड़ी आरोप है कि अगले दिन (17 सितंबर) सुबह करीब 7:30 बजे दोनों युवक अपने 4-5 साथियों के साथ लग्जरी कार से रेस्टोरेंट पहुंचे। सभी युवक हथियारों से लैस थे। कार से उतरने के बाद चार युवक गेट तोड़कर अंदर घुसे। जहां रेस्टोरेंट और बीयर बार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। आरोपियों ने सामान और बीयर की बोतलें फोड़ दी। घटना के बाद शिवराज सुमन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।