कोटा में बुधवार देर शाम करीब 6 बजे कार सवार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सड़क पर गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट आई। हाॉस्पिटल ले जाते ही बाइक सवार ने दम तोड़ दिया। हादसा नयापुरा थाना क्षेत्र के पास हुआ। मृतक की पहचान रमजान (71) विज्ञान नगर निवासी के रूप में हुई है। मृतक की मंडी में ट्रैक्टर पार्ट्स की दुकान है। जुलूस में शामिल होने जा रहा था बुजुर्ग मृतक के बेटे ने बताया कि बुधवार को ईद-ए-मिलादुन्नबी का त्यौहार था। इसके जुलूस में शामिल होने के लिए उसके पिता रमजान विज्ञान नगर से नयापुरा आए थे। थोड़ी देर रुकने के बाद वो वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने दोस्त को छोड़ा। जेके पेवेलियन स्टेडियम व उम्मेद भवन के सामने बीच सड़क पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने रमजान की बाइक को टक्कर मार दी। कार सवार ने ब्रेक नहीं लगाया। रमजान संतुलन खोकर बाइक से गिर गए। सड़क पर गिरते ही उनका हेलमेट खुल गया और वह सिर के बल गिर गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को एमबीएस हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे ने बताया कि कार ड्राइवर के खिलाफ नयापुरा थाने में शिकायत दी है। नयापुरा थाना ASI धनराज ने बताया कि मोहम्मद रमजान बुधवार शाम 6 बजे करीब बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में कार सवार ने पीछे से टक्कर मार दी। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।