कोटा में बुधवार दोपहर में मामूली बात को लेकर पति-पत्नी में कहासुनी हुई, जिसके बाद देर रात को पति ने फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में भिजवाया, जहां से पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। हालांकि, अभी मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस मर्ग दर्ज कर जांच में जुट गई है। मृतक ओमप्रकाश (20) रानापुर थाना इलाके के देवनारायण आवासीय योजना का रहने वाला था। ओमप्रकाश दूध बेचने का काम करता था। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर को उसकी पत्नी से मामूली कहासुनी हुई थी। जिसके बाद ओम प्रकाश ने रात को फांसी लगा ली। घटना रानापुर इलाके में देर रात करीब 3 बजे की है। बचपन में हो गई थी शादी, 9 महीने पहले हुआ था गौणा बड़े भाई जगदीश ने बताया कि तीन भाई बहनों में ओमप्रकाश दूसरे नंबर का था। उसकी शादी बचपन में ही हो गई थी, 8-9 महीने पहले ही उसका गौणा हुआ था। अक्सर दोनों पति-पत्नी में छोटी-छोटी बात पर झगड़ा चलता रहता था। फिर वापस एक भी हो जाते थे। बुधवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी। शाम को दोनों ठीक से बात कर रहे थे। फिर ओम प्रकाश दूध बेचने चला गया। जिसके बाद रात साढ़े 10 बजे घर वापस लौटा। उसके बाद क्या हुआ, पता नहीं। ओमप्रकाश के कोई कर्जा नहीं था और न ही कोई तनाव उन्होंने बताया कि आज तड़के करीब 3 बजे छोटी बहन की नींद खुली। उसने देखा, भूसी के गोदाम में ओम प्रकाश फांसी पर लटका हुआ था। पता लगने पर परिवार के सदस्य भी मौके पहुंच गए। ओमप्रकाश ने गमछे (साफी ) से फंदा लगा रखा था। उसके कोई तनाव नहीं था, ना ही कोई कर्जा था। माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी। पुलिस पहुंचने से पहले ही परिजनों ने शव नीचे उतारा रानपुर थाना ASI हरिओम सिंह ने बताया कि मृतक के बड़े भाई ने मोबाइल फोन के जरिए सूचना दी थी। जिसके बाद पुलिस मौके पर गई। परिजनों ने शव को नीचे उतार रखा था। अभी मौत के कारण सामने नहीं आए हैं। हालांकि, पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।