बारां जिले के कोटड़ा कागला गांव के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में चुनाव जागरूकता अभियान के तहत एक अनोखा बाल सरपंच चुनाव हुआ। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह आयोजन हुआ, जिसमें मतदान शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण रहा। इस चुनाव में छात्र प्रत्याशी राकेश भील ने अपनी प्रतिद्वंदी पूजा भील को 27 वोटों के अंतर से हराया। राकेश को 36, जबकि पूजा को 9 वोट मिले। कुल 47 वोट डाले गए। डमी चुनाव में बच्चों में नजर आया उत्साह हेडमास्टर दुर्गेश पाठक ने बताया कि बच्चों में मतदान के प्रति जागरूकता और चुनाव प्रक्रिया समझाने के लिए यह प्रायोगिक आयोजन किया गया। बच्चों को ही पोलिंग पार्टी, पीठासीन अधिकारी और कर्मचारी बनाया गया। चुनाव की पूरी प्रक्रिया वास्तविक चुनाव जैसी थी। बच्चों ने कतार में लगकर बैलेट पेपर पर मुहर लगाई और पर्ची मतपेटी में डाली। वोट के बाद उंगली पर स्याही का निशान भी लगा। स्कूली बच्चों में मतदान को लेकर काफी उत्साह था।