कोटपूतली इलाके में इस बार बाजरे की अच्छी पैदावार हुई है। खेतों में बाजरा पककर तैयार है और किसान कटाई में लगे हैं। बुधवार को आसमान में बादल छाने से किसानों की चिंता बढ़ गई। कोटपूतली के किसानों ने इस बार अपनी करीब 80 फीसदी जमीन पर बाजरे की बुवाई की थी। मौसम अच्छा रहने से ज्यादातर खेतों में फसल अच्छी हुई है। हालांकि, पिछली बारिश में कुछ खेतों में पानी भर जाने से थोड़ी फसल खराब भी हुई थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में खेतों में बाजरे की पैदावार अच्छी रही है। अभी कुछ किसानों ने बाजरा काटकर उसके सट्टे और कड़बी खेतों में ही रखे हैं। वहीं, कई खेतों में बाजरा अभी भी खड़ा है। ऐसे में अचानक मौसम बदलने और बादल छाने से किसानों को फसल के भीगने का डर सता रहा है। किसानों का कहना है कि वे अपनी तैयार फसल को सुरक्षित घर तक पहुंचाना चाहते हैं। इसके लिए उन्हें अब मौसम साफ रहने की उम्मीद है। अगर बारिश होती है, तो कटाई के साथ-साथ खेतों में पड़ी कटी फसल को भी नुकसान हो सकता है।