कोटपूतली क्षेत्र में लगभग दो सप्ताह से बारिश नहीं होने के कारण खरीफ की फसलें मुरझाने लगी हैं। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। क्षेत्र में आखिरी बार 13 अगस्त को 5 एमएम बारिश दर्ज की गई थी। तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण बाजरा, ग्वार और कपास जैसी खरीफ की फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। किसानों को इन फसलों के खराब होने का डर सता रहा है। उत्पादन बुरी तरह से प्रभावित होने की आशंका अधिकांश क्षेत्रों में भूमिगत जल स्रोत नाकारा होने के कारण किसान फसलों की सिंचाई भी नहीं कर पा रहे हैं। ऐसी स्थिति में बारिश न होने पर फसल उत्पादन बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका है। हालांकि, पिछले दो दिनों से आसमान में बादल छाए हुए हैं, जिससे किसानों में बारिश की उम्मीद जगी है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द अच्छी बारिश होती है, तो खरीफ की फसलों को राहत मिलेगी और पैदावार भी बेहतर हो सकेगी।