कोटपूतली नगर परिषद में भाजपा ने उपसभापति पद पर जीत हासिल की है। भाजपा के गोपाल अग्रवाल ने कांग्रेस की सुषमा सैनी को 22 वोटों से हराया। इस जीत के साथ नगर परिषद में अब सभापति और उपसभापति दोनों पदों पर भाजपा का कब्जा हो गया है। रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) योगेश देवल ने बताया कि उपसभापति चुनाव में कुल 60 वोट पड़े। इनमें भाजपा प्रत्याशी गोपाल अग्रवाल को 41 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार सुषमा सैनी को 19 वोटों से संतोष करना पड़ा। जीत की घोषणा के बाद स्थानीय विधायक हंसराज पटेल और भाजपा निकाय चुनाव प्रभारी सारिका चौधरी ने नए चुने गए उपसभापति गोपाल अग्रवाल का स्वागत किया और उन्हें बधाई दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया। विधायक हंसराज पटेल ने कहा कि यह जीत जनता के जनमत और उनके पूरे विश्वास की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा का यह बोर्ड क्षेत्र के विकास और आमजन के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरेगा। वहीं, विपक्ष के पूर्व चेयरमैन प्रकाश सैनी ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जैसे कल और आज चुनाव हुआ है, इसमें लोकतंत्र का मजाक उड़ाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष के नाते वे कोटपूतली की जनता के साथ गलत नहीं होने देंगे और भाजपा को मनमानी व भ्रष्टाचार नहीं करने देंगे।