कोटपूतली-बहरोड़ जिले में सोमवार से शुरू हुई बारिश मंगलवार सुबह तक जारी रही। पावटा में सबसे ज्यादा 50 MM बारिश दर्ज की गई, जबकि कोटपूतली में 13 MM बारिश हुई। रुक-रुककर हुई इस बारिश से जिले के कई इलाकों में पानी भर गया। कोटपूतली, बहरोड़, नीमराना और पावटा में नेशनल हाईवे समेत कई सड़कों और सर्विस लेन पर पानी जमा हो गया। इससे वाहन चालकों को परेशानी हुई। कई जगहों पर यातायात धीमा रहा और जाम भी लगा। बारिश से अगेती बाजरे की फसल काट रहे किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में कटी हुई फसल बारिश में भीगने से खराब होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि अगर मौसम जल्दी साफ नहीं हुआ, तो फसल गलने से उन्हें बहुत नुकसान हो सकता है। हालांकि, बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। ठंडी हवाएं चलने से लोगों को पिछले दिनों की गर्मी और उमस से राहत मिली है।