कोटपूतली-विराटनगर क्षेत्र की चतरपुरा ग्राम पंचायत के श्याम मंदिर में समान नागरिकता कानून और जनसंख्या नीति लागू करने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया। यह अभियान संत सत्यनारायण भारती की मौजूदगी में शुरू हुआ। जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के राष्ट्रीय संरक्षक संत सत्यनारायण भारती ने कहा - देश में बढ़ती आबादी के भविष्य में कई बुरे परिणाम सामने आएंगे। इसलिए सरकार को समय रहते सभी पर समान रूप से दो बच्चों का कानून लागू करना चाहिए। कई राज्यों में समान नागरिकता कानून लागू हो चुका है और राजस्थान सरकार भी जल्द ही इसे लागू करेगी। इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पवन शर्मा जवानपुरा और वरिष्ठ समाजसेवी महेश सैनी नंदा पालम ने कहा कि अगर समय पर जनसंख्या नीति लागू नहीं हुई तो देश में गृह युद्ध जैसे हालात हो सकते हैं। गोशाला सचिव सरदार मल यादव और भक्त दाताराम गुर्जर ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने हस्ताक्षर अभियान को गांव-गांव तक ले जाकर जन जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। इस दौरान राधेश्याम सिंह, हरि गुर्जर, जगदीश यादव, शिव कंचन शर्मा, बनवारी लाल गुर्जर, लोकेश शर्मा समेत कई लोग मौजूद थे।