कोटपूतली में सेवा भारती समिति ने सुपोषित भारत अभियान को लेकर एक बैठक की। इसमें अभियान को बड़े स्तर पर चलाने और लोगों तक स्वास्थ्य व पोषण की जानकारी पहुंचाने पर चर्चा हुई। सुपोषित भारत अभियान 16 से 30 सितंबर तक चलेगा। बैठक में अभियान का पोस्टर भी जारी किया गया। इस अभियान के तहत कॉलेजों, सरकारी और निजी स्कूलों में कार्यक्रम होंगे। स्कूलों के जरिए ज्यादा से ज्यादा गांवों, इलाकों और लोगों तक सुपोषित भारत अभियान की जानकारी पहुंचाने का लक्ष्य है। अभियान के दौरान लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसमें दैनिक दिनचर्या, प्रोटीन, स्वस्थ जीवनशैली, भोजन, पोषण और कुपोषण जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी। साथ ही किशोरावस्था में पोषण, बच्चों के पोषण और गर्भावस्था के दौरान पोषण जैसे जरूरी विषयों पर भी बताया जाएगा। इस दौरान जिला सह मंत्री नागरमल अग्रवाल, जिला स्वास्थ्य आयाम प्रमुख एडवोकेट भूपेंद्र सोनी, जिला सह कोषाध्यक्ष रतन लाल मोरीजावाला, जिला किशोरी आयाम प्रमुख रजनी सैनी, जिला स्वावलंबन प्रमुख छाजूराम सैनी, जिला प्रचार प्रमुख सीताराम गुप्ता, नगर उपाध्यक्ष सुरेश मीणा, नगर मंत्री विजय कुमार आर्य और जिला सामाजिक आयाम प्रमुख निशु कुमार सैनी सहित सेवा भारती के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।