जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा के खूंखार आतंकी मोहम्मद लतीफ भट को मार गिराया गया है। बताया जा रहा है कि आतंकी लतीफ भट का आतंक में शामिल होने का सफर हैरान करने वाला है; वह आतंकी बनने से पहले पेशे से एक बढ़ई (कारपेंटर) था।

आतंकवाद का रास्ता और आपराधिक इतिहास

सुरक्षाबलों के रिकॉर्ड के अनुसार, लतीफ भट पिछले साल 17 नवंबर को लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था। इसके महज दो दिन बाद, 19 नवंबर को उसके परिवार ने कुलगाम थाने में उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आतंकी बनने के बाद उसने सुरक्षाबलों और नागरिकों को निशाना बनाकर कई हमलों को अंजाम दिया।

लतीफ भट का नाम इस साल 31 जुलाई को कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की हत्या में प्रमुखता से सामने आया था। इसके अलावा, उस पर 22 जुलाई को जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक कॉन्स्टेबल की हत्या और अमरनाथ यात्रियों पर हमले की साजिश रचने का भी आरोप था।

मस्जिद में छिपा था आतंकी, 25 बच्चियों को किया सुरक्षित

सुरक्षाबल पिछले दो दिनों से लगातार उसका पीछा कर रहे थे। 11 नवंबर को उसने अपने साथी उमर निसार डार के साथ नौपोरा अखरान में सीआरपीएफ पोस्ट पर फायरिंग की थी, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे। 16 नवंबर को लारू इलाके में हुई मुठभेड़ में उसका साथी उमर तो मारा गया, लेकिन लतीफ घायल होने के बावजूद भागने में सफल रहा था।

अंततः, उसे देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में छिपे होने की सूचना मिली। ऑपरेशन शुरू करने से पहले, सुरक्षाबलों ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए मस्जिद से सटे दारुल उलूम (धार्मिक संस्थान) से 25 छात्राओं और 2 शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला।

सरेंडर करने से किया साफ इनकार

एनकाउंटर से ठीक पहले सुरक्षाबलों ने लतीफ को वीडियो कॉल के जरिए सरेंडर करने का मौका दिया था। पुलिस अधिकारियों ने उसे समझाया कि अभी भी उसके पास जीवन जीने का मौका है, लेकिन लतीफ ने सरेंडर करने से साफ इनकार कर दिया। उसने जवाब दिया, 'मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है, मैं बहुत खुश हूं।' इसके बाद सुरक्षाबलों ने मस्जिद में आंसू गैस के गोले दागे और जवाबी कार्रवाई में उसे मार गिराया।