जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। एक एनकाउंटर के दौरान सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मोहम्मद लतीफ भट को मार गिराया है। सुरक्षा एजेंसियों के रिकॉर्ड के अनुसार, लतीफ भट पहले एक बढ़ई (कारपेंटर) का काम करता था, लेकिन बाद में वह आतंकी गतिविधियों में शामिल हो गया।

आतंकी बनने की कहानी

जांच में सामने आया है कि लतीफ 17 नवंबर, 2025 को लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था। इसके ठीक दो दिन बाद, 19 नवंबर को उसके परिवार ने कुलगाम पुलिस थाने में उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आतंकी बनने के बाद उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं।

कई बड़ी वारदातों में था नाम

सुरक्षाबलों के अनुसार, लतीफ भट पिछले एक साल से सुरक्षाबलों और नागरिकों पर हुए कई हमलों का मुख्य आरोपी था। उसका नाम इस साल 31 जुलाई को कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की हत्या के मामले में सामने आया था। इसके अलावा, 22 जुलाई को जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक कॉन्स्टेबल की हत्या और अमरनाथ यात्रियों पर हुए असफल हमले के पीछे भी उसी का हाथ माना जा रहा था।

मस्जिद में छिपा था आतंकी

सुरक्षाबलों ने लतीफ का पीछा दो दिनों तक किया। 11 नवंबर को उसने उमर निसार डार के साथ मिलकर नौपोरा अखरान में सीआरपीएफ (CRPF) की पोस्ट पर फायरिंग की थी, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे। 16 नवंबर को एक मुठभेड़ में उमर निसार डार तो मारा गया, लेकिन लतीफ भाग निकला था। अंततः सुरक्षाबलों को उसकी लोकेशन देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में मिली।

ऑपरेशन से पहले सुरक्षित निकाला गया बच्चों को

अंतिम कार्रवाई से पहले सुरक्षाबलों ने बड़ी सावधानी बरतते हुए मस्जिद से सटे दारुल उलूम (धार्मिक संस्थान) से 25 लड़कियों और 2 शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला। आतंकी के मस्जिद के अंदर छिपे होने के कारण, सेना की 9 राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) ने घेराबंदी कर आंसू गैस के गोले छोड़े। एनकाउंटर के दौरान सुरक्षाबलों ने उसे सरेंडर करने का मौका भी दिया, लेकिन उसने मना कर दिया और अंततः सुरक्षाबलों ने उसे ढेर कर दिया।