CRPF पोस्ट पर फायरिंग करने वाले लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट को सुरक्षाबलों ने बुधवार को एनकाउंटर में मार गिराया। वह एक मस्जिद के अंदर छिपा था। मुठभेड़ से पहले जवानों ने उसे वीडियो कॉल कर सरेंडर करने के लिए कहा। पुलिस अधिकारी ने उससे कहा, 'हम तुम्हारे साथ हैं, जिंदगी अभी बाकी है।' लतीफ ने जवाब दिया, 'मुझे अल्लाह से मुलाकात करना है। बहुत खुश हूं मैं। सरेंडर नहीं करूंगा।' सुनिए लतीफ और सुरक्षा बलों की बातचीत… सुरक्षाबल 2 दिन से पीछा कर रहे थे, मस्जिद में छिपा मिला सुरक्षाबलों के मुताबिक, लतीफ ने उमर निसार डार के साथ 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में CRPF की पोस्ट पर फायरिंग की थी। इसमें 3 जवान घायल हो गए थे। इसके बाद से दोनों फरार थे। 16 नवंबर को अखरान के लारू इलाके में दोनों आतंकियों को पुलिस ने घेर लिया था। फायरिंग में उमर मारा गया, लेकिन लतीफ भाग निकलने में कामयाब हो गया था। उसके पैर में गोली लगी थी। इसके बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। दो दिन बाद फिर देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में छिपे होने की जानकारी मिली थी। एनकाउंटर में मारे गए दोनों आतंकी… ऑपरेशन से पहले मस्जिद से 25 लड़कियों और 2 टीचर्स को बाहर निकाला लतीफ के खिलाफ आखिरी कार्रवाई से पहले 25 लड़कियों और 2 टीचर्स को सुरक्षित बाहर निकाला। ये सभी मस्जिद से सटे दारुल उलूम (धार्मिक शिक्षण संस्थान) में मौजूद थे। आतंकी मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक, 9 राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) ने आतंकी के खिलाफ अंतिम कार्रवाई शुरू की। सुरक्षा बलों ने मस्जिद के अंदर आंसू गैस के गोले दागे, ताकि आतंकी बाहर आ जाए। साथ ही पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई, ताकि वह भाग न सके। शाह, CRPF चीफ ने सुरक्षाबलों को बधाई दी जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में लश्कर के आतंकी लतीफ भट के मारे जाने के बाद CRPF के चीफ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने एनकाउंटर का जिक्र किए बिना X पर लिखा- बधाई हो दोस्तो! कुछ व्यंजन ठंडे परोसे जाने पर ही सबसे अच्छे लगते हैं, वो भी ठंड के मौसम में। इधर, गृहमंत्री अमित शाह ने भी सुरक्षाबलों की तारिफ की। उन्होंने X पर लिखा- पूरे ऑपरेशन के दौरान सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। देश जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करता है। ₹15 लाख का इनामी था लश्कर कमांडर लतीफ भट 22 साल के लतीफ पर पुलिस ने 15 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। वह 2025 की शुरुआत में घर से लापता हो गया था। इसके बाद उसके परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में पाकिस्तान में बैठे ऑपरेटिव सज्जाद गुल ने उसे लश्कर-ए-तैयबा और उसके प्रॉक्सी नेटवर्क TRF में भर्ती किया था। लतीफ ने अशमुजी के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं तक पढ़ाई की थी। इसके बाद उसने कुछ समय कुलगाम के सरकारी डिग्री कॉलेज में पढ़ाई की और फिर बढ़ई का काम करने लगा। उमर ने लतीफ को छह महीने तक पनाह दी थी। दोनों ने हमले से पहले कई इलाकों की रेकी की थी। 6 महीने में चौथा कमांडर मारा गया पिछले 6 महीने में जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के 4 कमांडर मारे गए। इनमें लतीफ के अलावा जाकिर अहमद गनई, यासिर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी शामिल हैं। जाकिर अहमद गनई 8 जुलाई 2026 को शोपियां में मारा गया, जबकि यासिर 4 सितंबर को ऑपरेशन असधर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी 30 सितंबर को बडगाम में ऑपरेशन शेरुवाली के दौरान मारा गया। --------------- ये खबर भी पढ़ें… CRPF कैंप पर हमला करने वाले 2 आतंकियों का VIDEO: जवानों पर फायरिंग से पहले रेकी की थी; एक एनकाउंटर में मारा गया, एक लापता जम्मू-कश्मीर में CRPF की पोस्ट पर फायरिंग करने वाले आतंकियों का मंगलवार को CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें आतंकी मोहम्मद लतीफ भट और उमर निसार डार CRPF पोस्ट की रेकी करता दिख रहा है। 56 सेकेंड के वीडियो में टैक्सी से दोनों आतंकी उतरते दिखे। पहले लतीफ फिर उमर उतरा और कैंप की ओर बढ़ गए। दोनों की कैंप की ओर जाते एक फोटो भी सामने आई है। पढ़ें पूरी खबर…