जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के लारू इलाके में सुरक्षाबलों ने एक मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के दो आतंकवादियों को मार गिराया है। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस और भारतीय सेना के संयुक्त अभियान के तहत की गई।
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था। जैसे ही जवान संदिग्ध ठिकाने के पास पहुंचे, छिपे हुए आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने दोनों आतंकियों को ढेर कर दिया।
CRPF जवानों पर हमले का कनेक्शन
यह मुठभेड़ काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि 11 नवंबर को कुलगाम के नौपोरा अखरान में CRPF जवानों पर आतंकी हमला हुआ था। इस हमले में CRPF की 46वीं बटालियन के तीन जवान—हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर, कॉन्स्टेबल संतानो और राकेश दास—घायल हो गए थे। सोशल मीडिया पर वायरल हुए सीसीटीवी फुटेज में हमलावर महज 15 सेकेंड के भीतर करीब 30 राउंड फायरिंग करते हुए देखे गए थे।
लतीफ भट पर है शक की सुई
खुफिया एजेंसियों को अंदेशा है कि इस हमले में दक्षिण कश्मीर में सक्रिय आतंकी लतीफ भट का हाथ हो सकता है। लतीफ भट न केवल इस हमले के मुख्य संदिग्धों में शामिल है, बल्कि उस पर अनंतनाग और कुलगाम में हुए अन्य हमलों में भी शामिल होने का शक है। गौरतलब है कि वह उसी इलाके का निवासी है जहां यह हमला हुआ था।
सुरक्षाबलों का सख्त रुख
कुलगाम दक्षिण कश्मीर का एक संवेदनशील इलाका माना जाता है, जहां लंबे समय से आतंकी गतिविधियां देखी जा रही हैं। हालिया आंकड़ों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में 2024 में अब तक 548 आतंकी घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन घटनाओं में अब तक 138 आतंकियों को मार गिराया गया है, जबकि 45 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए हैं। सुरक्षाबल अब भी इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं ताकि किसी भी अन्य छिपे हुए खतरे को खत्म किया जा सके।