गुजरात के कच्छ जिले में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार सात लोगों की मौत हो गई। घटना रात करीब 10 बजे हुई, जब एक ट्रक और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार दो हिस्सों में बंट गई।
सेना के जवानों के परिवार थे मृतक
हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग उत्तराखंड के गढ़वाल के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से थे। जानकारी के अनुसार, वे सभी 'रण ऑफ कच्छ' घूमने के बाद वापस भुज लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक घटना घटी।
हादसे के शिकार लोगों की पहचान
इस हादसे में मारे गए लोगों में सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और उनकी महज तीन महीने की बेटी शिविका शामिल हैं। इनके अलावा राजेश सिंह रावत (35) और उनकी सात साल की बेटी रक्षित की भी मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वालों में रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार साल की बेटी वामिका भी शामिल हैं।
रेस्क्यू ऑपरेशन में लगा काफी समय
टक्कर के बाद कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। कार के दो हिस्सों में बंट जाने के कारण उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा, लेकिन शवों को कार के मलबे से बाहर निकालने में रेस्क्यू टीम को कई घंटों की मशक्कत करनी पड़ी।