पंचायती राज चुनाव को लेकर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने मोड़क गांव के बघेरवाल मांगलिक भवन में चेचट पंचायत समिति के भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में उन्होंने चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं को सख्त चेतावनी दी। दिलावर ने कहा कि चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन इस गलतफहमी में न रहें कि प्रधान बनने के बाद गलत काम कर सकेंगे। चाबी मेरे पास ही रहेगी, गड़बड़ की तो एक मिनट में पद से हटा दूंगा। दिलावर ने पंचायत समिति लाडपुरा के कांग्रेस प्रधान नईमुद्दीन गुड्डू का उदाहरण देते हुए कहा कि गुड्डू को याद कर लेना। किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं होगी, चाहे प्रधान भाजपा का ही क्यों न हो। उन्होंने कहा, "हम मोदी के चेले हैं, न खाते हैं और न किसी को खाने देते हैं। चुनाव संचालन और प्रत्याशी चयन समितियां बनेंगी बैठक में कार्यकर्ताओं से चुनाव को लेकर रायशुमारी की गई। चुनाव व्यवस्थित तरीके से लड़ने के लिए चुनाव संचालन समिति और प्रत्याशी चयन समिति बनाने का निर्णय लिया गया। दोनों समितियों में ऐसे पार्टी पदाधिकारियों को शामिल किया जाएगा, जो खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे। स्थानीय कार्यकर्ताओं को प्रत्याशी बनाने में प्राथमिकता देने की बात भी कही गई। दिलावर ने कहा कि हाल ही में हुए निकाय चुनाव में 52% से अधिक मुस्लिम मतदाताओं वाली सुकेत नगर पालिका में भी भाजपा का बोर्ड बना है। उन्होंने कहा कि चेचट पंचायत समिति का गठन भाजपा सरकार ने किया है, इसलिए यहां पहला बोर्ड भाजपा का बनना चाहिए। 17 वार्ड वाली पंचायत समिति में 17 में से 17 वार्ड भाजपा को जिताने का लक्ष्य कार्यकर्ताओं के सामने रखा। भाजपा सरकार ने पंचायतों में एक लाख सफाई कर्मी लगाए दिलावर ने कहा कि भाजपा सरकार ने पंचायतों के माध्यम से प्रदेश में एक लाख सफाई कर्मियों को रोजगार दिया है। उन्हें पहली बार 10 हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि गांवों में पहली बार सफाई व्यवस्था इस स्तर पर शुरू हुई है और कांग्रेस ने गांवों की सुध नहीं ली। टिकट पसंद न हो तो घर बैठ जाएं, विरोध नहीं करें पूर्व सरपंच एवं भाजपा नेता गिरिराज बोबस ने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि कई बार पार्टी का टिकट मिलने वाला उम्मीदवार व्यक्तिगत रूप से पसंद नहीं होता, लेकिन ऐसी स्थिति में भी उसका विरोध नहीं करना चाहिए। "भले ही चुपचाप घर बैठ जाएं, लेकिन भाजपा प्रत्याशी का किसी भी हालत में विरोध नहीं करें। कांग्रेस का प्रधान बना तो विकास प्रभावित होगा भाजपा एससी मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष चंपालाल मेहरा ने कहा कि क्षेत्र में विधायक मदन दिलावर और सांसद ओम बिरला ने विकास के काम कराए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि कांग्रेस का प्रधान बन गया तो विकास कार्य प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने दोनों पंचायत समितियों में भाजपा का प्रधान बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की।