मलारना डूंगर के मथुरा-भाड़ौती हाईवे स्थित काला रामा क्षेत्र में रविवार को बिजली का तार टूटकर खेत में गिर गया। करंट की चपेट में आने से एक नीलगाय (रोजड़ा) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना अज्जू चौधरी बहलीम के खेत की है। हादसे के समय आसपास के खेतों में किसान कृषि कार्य कर रहे थे। गनीमत रही कि बिजली का तार किसी किसान के ऊपर नहीं गिरा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। करंट की चपेट में आई नीलगाय जानकारी के अनुसार, खेत में बिजली का केबल तार टूटकर गिर गया। तार में करंट होने की वजह से नीलगाय उसकी चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद किसानों में चिंता फैल गई। किसानों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद करवाई। किसानों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा स्थानीय किसानों के मुताबिक, घटना के समय आसपास के खेतों में कई लोग काम कर रहे थे। समय रहते बिजली विभाग को सूचना देकर बिजली बंद करवाई गई। घटना के बाद किसानों ने बिजली विभाग से खेतों के आसपास से गुजर रही बिजली लाइनों और तारों की नियमित जांच कराने की मांग की। किसानों का कहना है कि जर्जर तारों और रखरखाव में लापरवाही के कारण ऐसी घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने समय रहते मरम्मत करवाने की मांग करते हुए कहा कि इससे किसानों के साथ-साथ वन्यजीवों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।