पाली जिले के पांचूड़ा कलां गांव में 4 दिन से चल रही 70वीं जिला स्तरीय 17 एवं 19 वर्षीय छात्रा हैंडबॉल खेलकूद प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हुआ। अंतिम दिन खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरे दमखम के साथ मुकाबले खेले। समापन समारोह में भामाशाह रिकबाराम जाट मुख्य अतिथि रहे। जबकि उप जिला शिक्षा अधिकारी बलवीर सिंह राणावत ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। प्रशासक लूंबाराम मेघवाल, प्रतियोगिता पर्यवेक्षक भगाराम सीरवी तथा प्रतियोगिता संयोजक सज्जाराम चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मोमेंटो और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। दोनों आयु वर्गों में मंडला प्रथम निर्णायक समिति संयोजक नरेंद्र सिंह चंपावत ने बताया कि 19 वर्षीय छात्रा वर्ग में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मंडला की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय संगठन की टीम दूसरे और इम्मानुल मिशन स्कूल की टीम तीसरे स्थान पर रही। वहीं 17 वर्षीय छात्रा वर्ग में भी मंडला की टीम ने अपना दबदबा कायम रखा। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मंडला ने प्रथम स्थान हासिल किया। मेजबान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पांचूड़ा कल्ला की टीम ने दूसरा और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मांडा की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। राज्य स्तर पर दिखेगा खिलाड़ियों का दम जिला स्तरीय प्रतियोगिता में दोनों आयु वर्गों में चयनित खिलाड़ी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पाली जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता झुंझुनूं जिले के सुमन गोयल मेमोरियल राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बसावा में आयोजित होगी। प्रतियोगिता को सफल बनाने में निर्णायक मंडल एवं चयन समिति के नरेंद्र सिंह चंपावत, वीरेंद्र सिंह इंदा, अभिषेक जेतावत, जितेंद्र सिंह, देवी सिंह और हनुमान राम चौधरी, शारीरिक शिक्षक कुंदन सिंह राजपुरोहित, हेमंत और सुनील का योगदान रहा।