मणिपुर के चंदेल जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब 200 लोग गंभीर रूप से बीमार हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़ितों को इलाज के लिए इंफाल के शिजा अस्पताल और अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है।

मेथनॉल की मिलावट की आशंका

शुरुआती जांच में सामने आया है कि स्थानीय स्तर पर तैयार की गई इस शराब में जहरीला रसायन 'मेथनॉल' मिला हुआ था। प्रभावित लोगों में ज्यादातर चकपी करोंग और उसके आसपास के इलाकों के निवासी हैं। पिछले दो-तीन दिनों के भीतर यह मामला तेजी से सामने आया है।

शिजा अस्पताल के संयुक्त प्रबंध निदेशक डॉ. चेतन हुंडोंगबाम ने बताया कि कई मरीजों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। इनमें से कुछ को डायलिसिस पर रखा गया है। अस्पताल में मरीजों की संख्या इतनी अधिक हो गई है कि बेड कम पड़ गए हैं। हालात को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग से अतिरिक्त मदद मांगी गई है। आशंका जताई जा रही है कि मौतों और बीमारों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।

मुख्यमंत्री ने लिया जायजा, जांच शुरू

इस घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री युम्नाम खेमचंद सिंह खुद अस्पताल पहुंचे और पीड़ितों का हालचाल जाना। पुलिस के मुताबिक, प्रभावित लोगों ने जो शराब पी थी, उसे काकचिंग जिले के सुगनू इलाके से खरीदा गया था। हालांकि, फिलहाल चंदेल जिले में शराब बनाने की कोई जानकारी नहीं है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि शराब में मेथनॉल कहां से आया और इसकी आपूर्ति का नेटवर्क क्या है। मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।