मणिपुर के चंदेल जिले से एक बड़ी त्रासदी सामने आई है, जहाँ जहरीली शराब के सेवन से 15 लोगों की मौत हो गई है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। जहरीली शराब पीने से बीमार हुए 180 से अधिक लोगों को इलाज के लिए इंफाल के शिजा अस्पताल और अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है।
गंभीर मरीजों का चल रहा इलाज
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, कई मरीजों की हालत नाजुक बनी हुई है। शिजा अस्पताल के एमडी डॉ. चेतन हुंडोंगबाम ने बताया कि कुछ गंभीर मरीजों को डायलिसिस पर रखा गया है। अस्पतालों में मरीजों की संख्या इतनी अधिक हो गई है कि बिस्तरों की कमी पड़ गई है, जिसके चलते स्वास्थ्य विभाग और अन्य चिकित्सा केंद्रों से सहायता ली जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि मृतकों और बीमारों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।
मेथनॉल की मिलावट का संदेह
शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रभावित लोगों ने जो शराब पी थी, उसे काकचिंग जिले के सुगनू से खरीदा गया था। पुलिस को संदेह है कि शराब में जानलेवा मेथनॉल मिलाया गया था। चूंकि चंदेल जिले में स्थानीय स्तर पर शराब निर्माण की जानकारी नहीं है, इसलिए पुलिस इसे बाहर से तस्करी कर लाए जाने के एंगल से देख रही है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक करीब 10 लोगों को हिरासत में लिया है और मुख्य तस्करों की तलाश की जा रही है।
मणिपुर में शराब बिक्री के नियम
राज्य में शराब की बिक्री को लेकर स्पष्ट नियम हैं। दिसंबर 2023 की सरकारी अधिसूचना के बाद से, ग्रेटर इंफाल क्षेत्र, जिला मुख्यालयों, पर्यटन स्थलों और कम से कम 20 कमरों वाले पंजीकृत होटलों में शराब बिक्री की अनुमति दी गई है। जबकि, इंफाल ईस्ट, इंफाल वेस्ट, थौबल और बिष्णुपुर जैसे क्षेत्रों में शराबबंदी लागू है।