मणिपुर में जहरीली स्थानीय शराब पीने से हुई मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है। शनिवार को 3 और लोगों की मौत के बाद राज्य में मृतकों का कुल आंकड़ा 18 तक पहुंच गया है। इससे पहले शुक्रवार को 15 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी।

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इस त्रासदी से प्रभावित 1,000 से अधिक लोगों को राज्य के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें थौबल जिले के यैरिपोक, चंदेल, काकचिंग, सुगनू और चकपीकारोंग जैसे क्षेत्रों के लोग शामिल हैं। कई पीड़ितों की हालत नाजुक बताई जा रही है और उन्हें आईसीयू (ICU) में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है।

अन्य बड़ी खबरें

दवाओं की बनेगी राष्ट्रीय सूची: केंद्र सरकार देश में दवाओं की मंजूरी से संबंधित बिखरे हुए रिकॉर्ड को व्यवस्थित करने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) एक समेकित राष्ट्रीय डेटाबेस तैयार कर रहा है। इसके लिए नियामक ने फार्मा कंपनियों और उद्योग संगठनों से 1988 से पहले की दवाओं के अप्रूवल रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेज मांगे हैं। इस डेटाबेस में फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन (FDC) का रिकॉर्ड भी शामिल किया जाएगा।

दिल्ली के रघुबीर नगर में आग का तांडव: पश्चिमी दिल्ली के रघुबीर नगर इलाके में शनिवार दोपहर एक घर में भीषण आग लग गई। हादसे में 55 वर्षीय सुनीता नाम की महिला की जलकर मौत हो गई, जबकि उनका बेटा ध्रुव (21) और बहू नीति (21) गंभीर रूप से झुलस गए। जानकारी के अनुसार, आग दोपहर करीब 12 बजे घर की पहली मंजिल पर लगी थी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि सुनीता घर के भीतर ही फंसी रह गईं थीं।