राज्यावास | कस्बे के वीर तेजाजी चौक, गड़ाई तालाब और मेन रोड के पास शनिवार 19 सितंबर को रात 8.30 बजे से तीन दिवसीय राजस्थानी मारवाड़ी खेल वीर तेजाजी महाराज का मंचन होगा। इसमें स्थानीय कलाकारों के साथ बाहरी कलाकार भी हिस्सा लेंगे। आयोजन को लेकर कलाकार तैयारियां पूरी कर रहे हैं। खेल के पहले दिन तेजाजी महाराज के जीवन से जुड़े प्रसंग दिखाए जाएंगे। भाभी के उलाहने के बाद तेजाजी महाराज का लीलण घोड़ी लेकर ससुराल साथीडा के सार पनेर जाने का प्रसंग प्रमुख रहेगा। मारवाड़ी खेल में तेजाजी महाराज की वीरता, वचनबद्धता, नारी सम्मान और लोक आस्था से जुड़ी कथा को जीवंत रूप में पेश किया जाएगा। कलाकार संवाद, अभिनय और राजस्थानी लोक शैली के जरिए प्रस्तुति देंगे। खेल में किशनलाल जाट, रामु राजस्थानी, शांतिलाल जाट, ओमप्रकाश राव, पप्पू राव, शंकरलाल खारोल, शांतिलाल कुमावत और हनुमान दास वैष्णव अपनी कला दिखाएंगे। आयोजन के दौरान ग्रामीणों के बैठने सहित अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी।