मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रही एक डबल डेकर एसी बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें 20 फीट ऊंची उठने लगीं। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 40 यात्रियों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

शॉर्ट सर्किट बनी आग की वजह

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, खजुराहो ट्रैवल्स की यह बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से छतरपुर की ओर जा रही थी। मथुरा के राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के राया कट पुल के पास बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से यह आग लगी। हादसे के समय अधिकतर यात्री गहरी नींद में थे। अचानक बस के भीतर धुआं भरते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।

डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद काबू

चालक जितेंद्र ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को तुरंत सड़क किनारे रोका, जिससे सभी यात्री सुरक्षित नीचे उतर सके। हालांकि, जल्दबाजी में यात्री अपना सामान नहीं निकाल सके और देखते ही देखते पूरी बस जलकर राख हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

सीओ संजीव कुमार राय ने बताया कि शनिवार रात करीब 1:38 बजे आग की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत दमकल की गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत प्राप्त होने पर पुलिस नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगी।