राजस्थान मदरसा शिक्षा अनुदेशक संघ की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक रविवार को सुबह 11:00 बजे टोंक के सैयद फारुक अली एकेडमी माध्यमिक विद्यालय में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष जुल्फिकार अली खान करेंगे। इस बैठक का मुख्य एजेंडा पिछले दो दशकों से संविदा पर कार्यरत करीब 5562 मदरसा शिक्षा अनुदेशकों के नियमितीकरण की मांग को मजबूती से उठाना है। संघ की मांग है कि ''''राजस्थान कांट्रेक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्‍ट रूल्स, 2022'''' के तहत नियमितीकरण की प्रक्रिया को तेज किया जाए और 1 अप्रैल 2026 तक के अनुभव की गणना की जाए। इसके अलावा, बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के विस्तार, मदरसा बोर्ड के वर्तमान सचिव की कार्यप्रणाली पर चर्चा और भविष्य के आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि नियमितीकरण की बाधाएं दूर नहीं हुईं, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे।