स्नातक अंतिम सेमेस्टर का परिणाम जारी होने का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों के लिए महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय ने पीजी प्रवेश में राहत दी है। अब रिजल्ट नहीं आने के कारण विद्यार्थी पीजी प्रवेश से वंचित नहीं होंगे। विश्वविद्यालय ने ऐसे विद्यार्थियों को प्रोविजनल प्रवेश के तहत आवेदन करने की अनुमति दी है। परिणाम जारी होने के बाद विद्यार्थी उसे पोर्टल पर अपडेट कर सकेंगे। विश्वविद्यालय ने शिक्षा सत्र 2026-27 के पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रवेश दो चरणों में होगा। पहले चरण में 11 अक्टूबर तक आवेदन किए जा सकेंगे। 12 अक्टूबर को मेरिट सूची जारी होगी और चयनित विद्यार्थियों को 13 अक्टूबर तक फीस जमा करनी होगी। दूसरे चरण के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर है। इसकी मेरिट सूची 22 अक्टूबर को जारी होगी और 23 अक्टूबर तक फीस जमा करनी होगी। दरअसल, विश्वविद्यालय की स्नातक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं, लेकिन कई विषयों के परिणाम अभी जारी नहीं हुए हैं। ऐसे में यदि विद्यार्थी परिणाम का इंतजार करते रहते हैं तो पीजी प्रवेश की समय-सीमा निकल सकती है। इसी स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय ने प्रोविजनल आवेदन की सुविधा दी है। अंतिम तिथि से पहले रिजल्ट आने पर अपडेट का विकल्प पीजी प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को पोर्टल पर परीक्षा परिणाम अपडेट करने का विकल्प भी मिलेगा। आवेदन की अंतिम तिथि से पहले संबंधित विषय का परिणाम जारी होने पर विद्यार्थी अपने आवेदन में रिजल्ट की जानकारी अपडेट कर सकेंगे।विश्वविद्यालय में स्नातक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं संपन्न हो चुकी हैं और अब परिणाम जारी किए जा रहे हैं। परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजाराम चोयल के अनुसार बीकॉम अंतिम सेमेस्टर के परिणाम जारी किए जा चुके हैं। विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए बिना परिणाम वाले अभ्यर्थियों को भी पीजी प्रवेश के लिए आवेदन का अवसर दिया गया है। प्रवेश प्रक्रिया 23 अक्टूबर तक दो चरणों में पूरी की जाएगी। डॉ.धर्मेश हरवानी, प्रवेश समन्वयक, एमजीएस यूनिवर्सिटी