रतननगर थाना क्षेत्र में नाबालिग के लापता होने के मामले के बीच उसके चाचा ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। परिजनों का आरोप है कि नाबालिग की गुमशुदगी के मामले में सोमवार को थाने पहुंचे चाचा को एक युवक ने जान से मारने की धमकी दी थी। इसके अगले ही दिन मंगलवार सुबह मानसिक तनाव में चाचा ने ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी। मृतक के भाई ने रतननगर थाने में शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार, उसकी नाबालिग बेटी 27 सितंबर को लापता हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने 28 सितंबर को रतननगर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। परिजनों का आरोप है कि 28 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे थाने के बाहर एक युवक ने नाबालिग के चाचा को रोक लिया। आरोप है कि युवक ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे महनसर अंडरपास के पास नाबालिग के चाचा ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रतननगर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।