चुनावी माहौल के बीच पुलिस की व्यस्तता का फायदा उठाते हुए बदमाश अब सरकारी कार्यालयों को निशाना बना रहे हैं। कोतवाली थानांतर्गत जिला रसद कार्यालय में बदमाश बाथरूम का रोशनदान और गेट तोड़कर अंदर घुसे और स्टोर में रखे कांटे, कंप्यूटर व प्रिंटर चोरी कर ले गए। बदमाशों ने कार्यालय में तोड़फोड़ भी की। तीन दिन के सरकारी अवकाश के बाद सोमवार को कार्यालय खुलने पर कर्मचारियों को वारदात का पता चला। प्रवर्तन निरीक्षक त्रिलोक प्रताप सिंह की ओर से कोतवाली थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार 4, 5 और 6 सितंबर को राजकीय अवकाश था। 7 सितंबर को सहायक कर्मचारी ने कार्यालय खोला तो प्रथम हॉल के बाथरूम का रोशनदान और गेट टूटा मिला। रसोई के पास वाला दरवाजा भी खुला हुआ था। प्रथम हॉल स्थित स्टोर रूम में सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर स्टोर में रखे कांटे, कंप्यूटर और प्रिंटर गायब मिले। बदमाशों ने कार्यालय में लगे बिजली बोर्ड और तार भी तोड़ दिए। वहीं मीटिंग सूचना बोर्ड पर गालियां लिखी मिलीं। जिला रसद अधिकारी इंद्रपाल मीणा ने बताया कि विभाग के कार्यालय में पूरे जिले से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज और सरकारी संसाधन रखे होने के कारण कर्मचारियों ने मामले को गंभीर बताया है। शहर कोतवाल बीएल वैष्णव ने बताया कि डीएसओ कार्यालय में चोरी होने की सूचना पर मौके पर पहुंचे, जहां गहनता से जांच करते हुए जानकारी जुटाई गई और एमओबी के जरिए साक्ष्य उठाए गए। प्रकरण दर्ज कर लिया गया है, घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्धों की गतिविधियों की जांच कर रही है। पहले भी रसद कार्यालय में हो चुकी है चोरी : जिला रसद कार्यालय में इससे पहले भी 6 जुलाई को चोरी की घटना सामने आई थी। विभाग की ओर से 6 जुलाई और 24 अगस्त को पुलिस को रिपोर्ट देकर एफआईआर दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की गई थी। विभाग का आरोप है कि रिपोर्ट देने के बावजूद अब तक कोई जांच अधिकारी कार्यालय नहीं पहुंचा, अब दोबारा चोरी होने के बाद विभाग ने मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। न्यायाधीश के सरकारी आवास व चैंबर को भी बनाया था निशाना : अगस्त माह में भी टोंक में सरकारी तंत्र से जुड़े स्थान बदमाशों के निशाने पर रहे। 13 अगस्त को सिविल लाइन स्थित एडीजे के सरकारी आवास में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास किया गया था। इसके बाद 17 अगस्त की रात न्यायालय परिसर स्थित एडीजे के चैंबर में भी तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास हुआ। हालांकि जज के सरकारी आवास में चोरी का 20 अगस्त को कोतवाली पुलिस ने खुलासा करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार और एक नाबालिग को निरुद्ध कर चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया था। वही अब रसद विभाग कार्यालय में वारदात ने सरकारी परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।