भास्कर न्यूज। भरतपुर पूर्व मंत्री एवं भरतपुर विधायक डॉ. सुभाष गर्ग ने सोमवार को अपने तीन दिवसीय दौरे के तीसरे दिन रंजीत नगर स्थित कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान डॉ. गर्ग ने कहा कि आने वाला नगर निगम चुनाव साधारण चुनाव नहीं, बल्कि प्रतिष्ठा का चुनाव है। यह चुनाव शहर के विकास की दिशा और दशा तय करने वाला चुनाव है। इसलिए सभी कार्यकर्ता इस चुनाव को गंभीरता से लें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने वार्डों में जाकर ऐसे प्रत्याशियों को चिन्हित करें, जो हर समय जनता के बीच रहते हों, जो आमजन की समस्याओं को समझते हों तथा उनके समाधान के लिए संघर्ष करने की क्षमता रखते हों। डॉ. गर्ग ने कहा कि प्रत्याशी हो जो केवल चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि पूरे पांच साल जनता के सुख-दुःख में साथ खड़े रहें और नगर निगम बोर्ड की बैठकों में दमदारी के साथ अपने वार्ड की आवाज को बुलंद कर सकें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में योग्य उम्मीदवारों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर उनकी मदद करें और उन्हें जिताने के लिए पूरी ताकत के साथ जुट जाएं। इस दौरान विधायक डॉ. गर्ग ने कार्यालय पर जनसुनवाई भी की। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुंचे आमजन की समस्याओं को उन्होंने गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को फोन कर त्वरित समाधान के निर्देश दिए।