समावेशी शिक्षा के तहत यहां अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक कार्यालय परिसर में जिला स्तरीय अंग-उपकरण वितरण शिविर लगाया गया। पूर्व में हुए चिकित्सकीय आकलन शिविर में चिन्हित विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार आधुनिक सहायक उपकरण निशुल्क वितरित किए गए। शिविर में जिले के 41 विशेष आवश्यकता वाले बालक-बालिकाएं लाभान्वित हुए। राकेश कुमार मीणा को बैटरी चालित मोटरयुक्त तिपहिया साइकिल, विकास खारोल को सीपी कुर्सी, तमन्ना गुर्जर को डिजिटल कान की श्रवण मशीन, निशा मीणा को कैलिपर, विकास बैरवा को तिपहिया साइकिल और दिनेश सैनी को शिक्षण-अधिगम सामग्री किट दी गई। अन्य बच्चों को चलने में सहायक उपकरण, व्हीलचेयर सहित जरूरत के अनुसार उपकरण दिए गए। इस दौरान एडीईओ सीताराम साहू, सहायक परियोजना समन्वयक पुरुषोत्तम दीक्षित, परियोजना अधिकारी श्योराज साहनी, जिला समन्वयक राजेंद्र सिंह, सहायक लेखाधिकारी सुरेंद्र कुमार मीणा सहित अधिकारी, विशेष शिक्षक एवं संदर्भ व्यक्ति मौजूद रहे। बच्चों को उपकरणों के समायोजन और उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया गया।