जैसलमेर में 37 करोड़ रुपए की लागत से बना मोकला नया ब्लॉक स्टेशन शुरू हो गया है। जोधपुर मंडल के थैयात हमीरा-सोनू रेलखंड पर लनेला और सोनू के बीच बने इस स्टेशन से ट्रेनों की आवाजाही और माल ढुलाई दोनों को सुविधा मिलेगी। स्टेशन शुरू होने से करीब 25 किलोमीटर लंबे ब्लॉक सेक्शन को दो हिस्सों में बांट दिया गया है। इससे ट्रेनों की क्रॉसिंग और एक-दूसरे को आगे निकालने की प्रक्रिया आसान होगी। 25 किमी का लंबा सेक्शन हुआ विभाजित नए स्टेशन के शुरू होने से लनेला और सोनू के बीच का करीब 25 किलोमीटर लंबा ब्लॉक सेक्शन अब विभाजित हो गया है। पहले सेक्शन लंबा होने के कारण ट्रेनों की क्रॉसिंग और संचालन में दिक्कत होती थी। अब ट्रेनों को एक-दूसरे को पार करने के लिए ज्यादा सुविधा मिलेगी। इससे ट्रेन संचालन में लचीलापन आएगा और ट्रेनों को समय पर चलाने में मदद मिलेगी। 3 रनिंग लाइन और 700 मीटर का गुड्स प्लेटफॉर्म मोकला स्टेशन पर तीन रनिंग लाइन, 700 मीटर लंबा माल ढुलाई प्लेटफॉर्म और नया स्टेशन भवन बनाया गया है। जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार स्टेशन पर परिचालन और यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बुनियादी ढांचा तैयार किया गया है। इसके साथ ही आधुनिक सिग्नलिंग व्यवस्था के तहत 32 रूट एनआई कार्य भी पूरा किया गया है। इससे ट्रेनों के सुरक्षित और सुचारू संचालन में मदद मिलेगी। माल ढुलाई को भी मिलेगा बढ़ावा मोकला स्टेशन पर बनाए गए 700 मीटर लंबे गुड्स प्लेटफॉर्म से चूना पत्थर और अन्य सामान की लोडिंग-अनलोडिंग व्यवस्थित तरीके से हो सकेगी। इससे मालगाड़ियों के रेक का टर्नअराउंड समय कम करने में मदद मिलेगी और माल जल्दी लोड होकर गंतव्य के लिए रवाना किया जा सकेगा। नई व्यवस्था से स्थानीय उद्योगों और व्यापारियों को माल परिवहन में सुविधा मिलने के साथ रेलवे की माल ढुलाई क्षमता का भी बेहतर उपयोग हो सकेगा।