राजसमंद | आसमान में दिनभर बादलों की आवाजाही के बावजूद मानसून की सुस्ती के चलते बुधवार को जिलेभर में सूखा रहा। मंगलवार रात गिलुंड, भीम, रेलमगरा और देवगढ़ में ही हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बाकी तहसीलों में बारिश नहीं होने और तेज उमस के कारण लोग दिनभर पसीने से तर-बतर नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान दिन के तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, जबकि रात का पारा 2 डिग्री गिर गया। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तहसीलवार आंकड़ों के मुताबिक सबसे अधिक बारिश गिलूंड में 40 एमएम हुई। इसके अलावा भीम में 22 एमएम, रेलमगरा में 9 एमएम और देवगढ़ में 7 एमएम बारिश दर्ज की गई। बुधवार को दिनभर काले-घने बादल छाए रहे, लेकिन अधिकांश स्थानों पर बिना बरसे ही निकल गए, जिससे लोगों को बारिश की राहत नहीं मिली और उमस का असर बना रहा।