जयपुर के मुहाना थाने में युवक की तबीयत बिगड़ने और मौत मामले में मानवाधिकार आयोग ने जांच के निर्देश दे दिए हैं। आयोग अध्यक्ष जस्टिस जीआर मूलचंदानी ने आयोग के आईजी हिंगलाजदान और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संध्या यादव को पूरे मामले में जांच करने के निर्देश दिए हैं। दोनों अधिकारियों को खुद के स्तर और दैनिक भास्कर में छपी खबर के अनुसार साक्षियों के साक्ष्य और दोनों अस्पताल के डॉक्टर्स की साक्ष्य लेने सहित अन्य पहलुओं की जांच करके तथ्यात्मक रिपोर्ट अलग से पेश करने के लिए कहा है। आयोग ने कहा कि दोनों अधिकारी रोज के आधार पर जांच करें। वहीं घटना से एक सप्ताह पहले तक के सीसीटीवी फुटेज की रिकोर्डिंग प्राप्त करें। आयोग 23 अक्टूबर को मामले में अगली सुनवाई करेगा। मानवाधिकार आयोग ने लिया था संज्ञान मामले में राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग ने मंगलवार को संज्ञान लेते हुए मुहाना थाने की संबंधित समय की CCTV फुटेज की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने और सीलबंद स्थिति में आयोग के समक्ष पेश करने को कहा था। साथ ही घटना की तथ्यात्मक रिपोर्ट पुलिस कमिश्नर, जिला कलेक्टर और एडीजी मानवाधिकार को तत्काल आयोग को देने के निर्देश दिए थे। आयोग ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि वे अपने स्तर पर किसी आईपीएस स्तर के अधिकारी से मामले की समुचित एवं प्रभावी जांच करवाएं। जांच के बाद तैयार तथ्यात्मक रिपोर्ट भी आयोग के समक्ष तत्काल प्रस्तुत करनी होगी। क्या है मामला 17 सितंबर ऋतुराज लोहार का पिता प्रकाश दुबई से जयपुर एयरपोर्ट पहुंचा था। इस दौरान एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद कुछ लोग मनोज, लोकेंद्र और महेश और दो अन्य ने खुद को क्राइम ब्रांच का बताकर प्रकाश के सामान की जांच की थी। इस दौरान प्रकाश का बेटा ऋतुराज लोहार भी एयरपोर्ट पर पिता को लेने पहुंचा था। तलाशी के दौरान इन लोगों को कुछ भी नहीं मिला। ये लोग प्रकाश और ऋतुराज को अपने साथ होटल ले गए थे। दोनों को बंधकर बनाकर रख लिया। 21 सितंबर को प्रकाश मौका देखकर भाग निकला। इसके बाद ऋतुराज के साथ मारपीट की गई। 22 सितंबर मारपीट करने वाले लोग ऋतुराज को थाने लेकर पहुंचे। थाने में तबीयत बिगड़ने पर निजी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। तबीयत बिगड़ने के बाद उसका एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा था। सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। यह खबर भी पढ़ें… जयपुर-पुलिस हिरासत में युवक की तबीयत बिगड़ी, हॉस्पिटल में मौत:मां बोलीं-बेटे को मार डाला, SHO ने कहा-युवक के साथ होटल में मारपीट हुई थी जयपुर में पुलिस हिरासत में तबीयत बिगड़ने के 15 दिन बाद सोमवार तड़के 3.30 बजे युवक की मौत हो गई। 19 वर्षीय ऋतुराज मनासा-मल्हारगढ़, मंदसौर, मध्यप्रदेश का रहने वाला था। एसएमएस हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। (पूरी खबर पढ़ें)