मुंबई के भिंडी बाजार इलाके में स्थित डॉन दाऊद इब्राहीम के पुराने पुश्तैनी घर पर बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) का बुलडोजर चला है। पाकमोडिया स्ट्रीट स्थित मुसफिखाना बिल्डिंग काफी समय से जर्जर स्थिति में थी, जिसके चलते प्रशासन ने यह कदम उठाया है।

क्यों गिराया गया मकान?

BMC अधिकारियों के अनुसार, यह इमारत 'C-1' श्रेणी में आती थी, जिसका मतलब है कि यह रहने के लिए बेहद खतरनाक और जर्जर हो चुकी थी। दीवारों और छत के कभी भी गिरने के जोखिम को देखते हुए इसे गिराना अनिवार्य था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह मकान मस्जिद का ही एक हिस्सा है और केवल जर्जर हिस्से को ही गिराया जा रहा है, पूरी मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा।

कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के विरोध या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। गुरुवार सुबह से ही इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

दाऊद और उसका गिरोह

दाऊद इब्राहीम 1993 के मुंबई बम धमाकों का मुख्य आरोपी है और भारत में वांटेड है। धमाकों के बाद वह देश छोड़कर फरार हो गया था और रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह फिलहाल पाकिस्तान में छिपा हुआ है। भारत की जांच एजेंसियां लगातार उसके नेटवर्क और टेरर फंडिंग के खिलाफ कार्रवाई करती रही हैं।

जांच एजेंसियों के अनुसार, भारत में दाऊद के अवैध कामों को उसका भाई इकबाल कासकर देख रहा था। फिलहाल इकबाल कासकर ठाणे के एक बिल्डर की शिकायत के बाद जेल में बंद है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी दाऊद से जुड़े टेरर फंडिंग के मामलों की जांच कर रहा है, जिसमें जाकिर नाइक के इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) को मिले डोनेशन का भी जिक्र सामने आया था।