फर्जी फसल बीमा क्लेम मामले में आरोपी बीरबल राम कमेडिया मंगलवार को पत्नी बसंती का नामांकन भरवाने नागौर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। बसंती ने जिला परिषद के वार्ड 30 से चुनाव लड़ने के लिए नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मीडिया ने फर्जी क्लेम मामले को लेकर सवाल पूछे, लेकिन वे जवाब दिए बिना वहां से निकल गए। फर्जी क्लेम मामलों में पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि वर्ष 2021 से जुड़े मामले में बीरबल कमेडिया के खिलाफ जांच जारी है। मामले में नागौर सदर थाने में बीरबल, उनकी पत्नी और परिजनों के खिलाफ 4 मुकदमे दर्ज हैं। सदर थाने में पत्नी बसंती समेत परिजनों के खिलाफ 4 मुकदमे जानकारी के अनुसार, पांचौड़ी थाना क्षेत्र में वर्ष 2026 के फर्जी फसल बीमा क्लेम से जुड़े मामलों में पुलिस जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, वर्ष 2021 से जुड़े फर्जी फसल बीमा क्लेम के मामले में पुलिस का कहना है कि बीरबल कमेडिया से जुड़े प्रकरण में अभी जांच चल रही है और फिलहाल गिरफ्तारी नहीं की जा सकती। बीरबल राम कमेडिया जिला प्रशासन के अधिकृत अधिवक्ता भी रह चुके हैं। फर्जी फसल बीमा क्लेम मामले में नागौर सदर थाने में बीरबल कमेडिया, उनकी पत्नी बसंती समेत अन्य परिजनों के खिलाफ 4 मुकदमे दर्ज हैं। इन मामलों की जांच और अब तक हुई कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है, ताकि पता चल सके कि पुलिस ने अब तक क्या साक्ष्य जुटाए हैं और आगे की कार्रवाई कब तक की जाएगी। गिरफ्तारी पर CO बोले- अभी जांच चल रही है नागौर सीओ जतिन जैन ने कहा- मामले में जांच चल रही है और फिलहाल बीरबल कमेडिया को गिरफ्तार नहीं कर सकते। हालांकि, वर्ष 2021 से जुड़े मामले में जांच की मौजूदा स्थिति, अब तक जुटाए गए साक्ष्यों और कार्रवाई में लग रहे समय को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।