ग्राम पंचायत चुनावों को देखते हुए चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त नागौर’ अभियान के तहत मेड़तारोड़ थाना पुलिस और डीएसटी नागौर ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रैण बाइपास पुलिया के पास नाकाबंदी के दौरान एक स्कॉर्पियो से 381.500 किलो डोडा पोस्त बरामद किया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 57.25 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर की रात रैण के बाइपास पुलिया के पास नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान मेड़ता सिटी की ओर से तेज रफ्तार से आई गुजरात नंबर स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया। ड्राइवर ने पुलिस को देखकर वाहन वापस घुमाकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा किया तो स्कॉर्पियो को बाइपास रोड पर छोड़कर दो युवक अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की तरफ भाग गए। प्लास्टिक के कट्टों में भरा था डोडा पोस्त पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसमें प्लास्टिक के कट्टों में भरा 381.500 किलो डोडा पोस्त मिला। इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया। दोनों फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों ने आसपास के इलाके में दबिश दी, लेकिन उनका सुराग नहीं लग सका। NDPS एक्ट में केस दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी पुलिस ने मेड़तारोड़ थाने में प्रकरण संख्या 136/2026 दर्ज कर धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच थाना अधिकारी जगनराम को सौंपी गई है। पुलिस अब जब्त डोडा पोस्त की सप्लाई और तस्करी नेटवर्क से जुड़े आरोपियों की जानकारी जुटा रही है।