नागौर में श्रीबालाजी थाना क्षेत्र के रोहिणी गांव में बुधवार दोपहर खेत में नर कंकाल मिला है। सूचना पर श्रीबालाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल को कब्जे में लेकर नागौर के जवाहरलाल नेहरू जिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। श्रीबालाजी थानाधिकारी ऊर्जाराम ने बताया कि कंकाल की पहचान लाडिया निवासी तेजू सिंह (42) पुत्र भंवर सिंह राजपूत के रूप में हुई है। पहचान होने के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने किसी व्यक्ति पर शक जाहिर नहीं किया और पोस्टमॉर्टम के लिए सहमति दी। पुलिस के अनुसार तेजू सिंह अविवाहित था और शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड का गठन करवाकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।