राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के अवसर पर देशभर में 25 सितंबर को ‘नमामि भारतम्’ अभियान के तहत 25 हजार स्थानों पर एक करोड़ से ज्यादा लोग एक साथ वंदे भारतम् का सामूहिक गान कर रिकॉर्ड बनाएंगे। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान इसका आयोजन कर रही है। आयोजन को एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के समक्ष रिकॉर्ड प्रमाणित कराने के लिए भी सूचीबद्ध किया गया है। ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक यात्रा विद्या भारती के मीडिया प्रभारी एडवोकेट अशोक अरोड़ा ने बताया- आयोजन का उद्देश्य सामूहिक गायन के साथ नई पीढ़ी को ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक यात्रा, स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका, राष्ट्रीय महत्व और मातृभूमि के प्रति श्रद्धा के भाव से परिचित कराना है। अभियान के माध्यम से विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक सहभागिता के केंद्रों को एक सूत्र में जोड़ते हुए राष्ट्रीय चेतना, सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रभाव को अभिव्यक्त करने का प्रयास किया जा रहा है। राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा देश के विभिन्न क्षेत्रों में सामूहिक गायन के साथ ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक यात्रा पर परिचर्चा, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विद्यार्थियों की सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे। आयोजन के माध्यम से भाषायी, भौगोलिक और सांस्कृतिक विविधता के बीच राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा। विद्या भारती ने विद्यालयों और संस्थानों से आयोजन में सहभागी बनने का आह्वान किया है।